राष्ट्रीय संगीत नाटक पुरस्कार से सम्मानित चमोली जिले के देवाल ब्लॉक के सूया गांव के लोकसंगीत कलाकार रामलाल व उनकी टीम ने नई दिल्ली के मेघदूत थिएटर परिसर, रविंद्र भवन में शानदार प्रस्तुति दी। लंबे समय से स्वास्थ्य खराब होने के बाद भी रामलाल ने पांच मार्च को हुए कार्यक्रम में देव स्तुति व ढोल वादन की पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति दी।
रामलाल के साथ देवाल ब्लॉक के वाण गांव से हरपाल सिंह, वीरबल सिंह, नारायण सिंह, उमेद सिंह, हीरा सिंह, सूया गांव के पुष्कर सुयाल, दयाल राम, व ल्वाणी गांव के त्रिलोक सिंह ने शानदार प्रस्तुति दी। स्वास्थ्य खराब होने के बाद भी रामलाल ने इस कार्यक्रम को नहीं छोड़ा। बता दें कि किडनी खराब होने के कारण उनका एक साल से डायलिसिस हो रहा है। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना उनके लिए एक चुनौती थी। रामलाल विगत 30 साल से गढ़वाल व कुमाऊं के गांवों में ढोल और हुड़का वादन करते हैं और श्रीनगर में परिवार के साथ रहते हैं। उनका कहना है कि अगर स्वास्थ्य ठीक रहा तो लोक संस्कृति के क्षेत्र में आगे भी काम करेंगे।