कर्णप्रयाग विकास खंड के मैखुरा मोटर मार्ग से काचुला-गेन मोटर मार्ग का दो सालों से निर्माण कार्य आधा-अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में शीघ्र सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने की मांग उठाई है।
जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बिष्ट, डीएस पुंडीर, अवतार सिंह, राजेंद्र सिंह पुंडीर और अब्बल सिंह ने कहा कि मैखुरा मोटर मार्ग से कांचुला-गैन मोटर मार्ग के निर्माण को वर्ष 2018 में सैद्घांतिक स्वीकृति मिली। वर्ष 2019 में कर्णप्रयाग विधायक ने सड़क निर्माण का विधिवत उद्घाटन भी किया था, लेकिन शुरूआत के दो किमी सड़क निर्माण के बाद कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों को आज भी गांव पहुंचने के लिए छह किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क का निर्माण जल्द शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा।