थराली। शनिवार को थराली सहित आस-पास के क्षेत्रों में दोपहर बाद एकाएक मौसम ने करवट बदली। आंधी के साथ ही बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। तापमान फिर से गिर गया और ठंड से कंपकंपी शुरू हो गई। ओले गिरने से रबी की फसल, आड़ू, खुमानी, नाशपाती और संतरे के छोटे फलों को भी नुकसान पहुंचा है। आसमान में तेज गड़गड़ाहट व बिजली चमकने के साथ ही बारिश और ओलावृष्टि हुई। कृषक बसंती देवी, कौशल्या देवी, आलम सिंह, पुष्कर सिंह, आनंदबल्लभ, बलवंतराम ने कहा इस बार बेमौसमी बारिश ने बची-खुची उम्मीदों को भी समाप्त कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से किसानों को उचित मुआवजा दने की मांग उठाई।