अब तक 60 कुत्तों को लगाया टीका, लोग बोले- झपटने और काटने से बढ़ी परेशानी
गोपेश्वर/ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के बीच नगर पालिका प्रशासन ने रेबिज टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया है। अब तक करीब 60 कुत्तों का टीकाकरण किया जा चुका है। पालिका की ओर से पशुपालन विभाग के सहयोग से यह अभियान चलाया जा रहा है।
नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों के कारण लोग परेशान हैं। कई कुत्ते राह चलते लोगों पर झपट रहे हैं और उन्हें काट भी रहे हैं। इससे लोगों में भय बना हुआ है। नगर पालिका प्रशासन ने कुत्तों के टीकाकरण के साथ ही उनके बढ़ते प्रकोप पर नियंत्रण की पहल की है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि कुत्तों का रेबिज टीकाकरण कराया जा रहा है। भविष्य में कुत्तों के बधियाकरण की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण किया जा सके।