कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री व सामाजिक कार्यकर्ता हरिकृष्ण भट्ट ने कर्णप्रयाग नगर के सार्वजनिक स्थानों और सरकारी दफ्तरों को सैनिटाइज कराया। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक, तहसील परिसर, पोस्ट ऑफिस और नगर के सभी एटीएम को सैनिटाइज कराने के साथ ही लोगों से स्वच्छता व सतर्कता की अपील की। उधर शुक्रवार को रुद्रप्रयाग में विधायक भरत सिंह चौधरी ने बच्छणस्यूं पट्टी के नवासू, बंगोली, निषणी, नौना-दानकोट, गहड़, स्यूंणी, टैठी, पाटा, कांडई, बैरागणा समेत 19 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को दस-दस लीटर सैनिटाइजर व छिड़काव मशीन का वितरण किया। रेडक्रास समिति की ओर से गांवों में 1500 मास्क व 300 नग सैनिटाइजर का वितरण भी किया गया है।