गौचर। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों के साथ निर्माणदायी कंपनी मेघा इंजीनियरिंग के अधिकारियों से वार्ता होने के बाद सोमवार दोपहर को भट्टनगर गांव के ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष गजेंद्र नयाल ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों से हुई वार्ता में कंपनी के अधिकारियों ने सभी मांगों का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीण यहां बीते तीन दिनों से सभी प्रभावित ग्रामीणों को समुचित मुआवजा देने, कालिंका मंदिर को अपलिफ्ट करने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। साथ ही दो दिनों तक कंपनी के वाहनों का आवागमन भी ठप रखा था। सोमवार को कंपनी के अधिकारियों से हुई वार्ता में उन्होंने सभी मांगों का समाधान करने का आश्वासन दिया। गजेंद्र नयाल ने बताया यदि कंपनी के अधिकारी अपने आश्वासन को पूरा नहीं करते तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। संवाद