मरीजों को नहीं मिल रहा इलाज, जाना पड़ रहा दून और दिल्ली
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। महिला बेस अस्पताल सिमली में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में अनुपयोगी साबित हो रही हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए देहरादून और दिल्ली जाना पड़ रहा है।
अस्पताल में भवन, दो आईसीयू कक्ष और ऑपरेशन थिएटर आधुनिक उपकरण हैं। आईसीयू में छह बेड लगे हैं लेकिन डॉक्टरों की कमी से गंभीर रोगियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। यहां फिजिशियन, महिला रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरो सर्जन और ईएनटी रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। करोड़ों रुपये के अत्याधुनिक उपकरण विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव में जंग खा रहे हैं। हर्षवर्धन डिमरी, राजेश जोशी, अरविंद गुसांई और महेश डिमरी ने बताया कि राज्य सरकार सीमांत जनपदों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने में विफल रही है। अस्पताल में लगे आईसीयू वार्ड और बिस्तर सहित आधुनिक उपकरण बेकार हो रहे हैं।
बेस अस्पताल शासनादेश की मांग के लिए धरना जारी
कर्णप्रयाग/थराली। बेस अस्पताल सिमली का शासनादेश को जारी करने की मांग के लिए संघर्ष समिति का धरना बृहस्पतिवार को 19वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर देवेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान 14 नवंबर को गौचर मेले के पहले दिन प्रस्तावित जुलूस-प्रदर्शन की रणनीति पर विचार किया गया। निर्णय लिया गया कि कर्णप्रयाग, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली और देवाल विकास खंडों से सैकड़ों की संख्या में मातृ शक्ति और स्थानीय लोग शामिल होंगे। इसके लिए संघर्ष समिति एक वृह्द जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस मौके पर संरक्षक महेश डिमरी, उपाध्यक्ष बीएन डिमरी, सचिव प्रकाश चंद्र सेमवाल, कोषाध्यक्ष एसपी बहुगुणा आदि मौजूद रहे। वहीं थराली अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति एवं सुविधाओं की मांग को लेकर धरना तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। संवाद