गोपेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने गैरसैंण में दो दिवसीय विधानसभा सत्र आयोजित करने पर भाजपा सरकार को घेरा है। उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सत्य प्रकाश सती ने आरोप लगाया कि सरकार सत्र के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये खर्च कर रही है जबकि इससे आम जनता को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी वाहवाही के लिए गैरसैंण में दो दिन का सत्र आयोजित कर रही है। इससे अन्य व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं और जनता की परेशानियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए बिना प्रदेश की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। सरकार को जनता को भ्रमित करने के बजाय स्थायी राजधानी के मुद्दे पर ठोस कदम उठाने चाहिए। संवाद