- एसपी ने भराड़ीसैंण सत्र पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में दिए निर्देश
भराड़ीसैंण में बैरिकेड, वॉट टावर की तैयार करें कार्ययोजना
गोपेश्वर। गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में प्रस्तावित बजट सत्र के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने शुक्रवार को सभी राजपत्रित अधिकारियों, शाखा प्रभारियों व संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। गैरसैंण के प्रभारी निरीक्षक वर्चुअली बैठक में शामिल हुए। एसपी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर वॉच टावर, बैरिकेडिंग और बैरियर लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। भराड़ीसैंण व गैरसैंण के नवनिर्मित पुलिस आवासीय भवनों में पानी, बिजली, शौचालय, स्नानागार व भोजनालय की पर्याप्त व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाहरी अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने के लिए विद्यालयों व चयनित स्थानों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति संवेदनशील और संवेदनशील ड्यूटी स्थलों को चिह्नित करने, स्थानीय अधिसूचना इकाई को सामाजिक संगठनों के स्थानीय मुद्दों व प्रस्तावित जुलूस-प्रदर्शनों की सटीक सूचना एकत्र कर समय पर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। भराड़ीसैंण व आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में वायरलेस कनेक्टिविटी दुरुस्त करने, नेटवर्क विहीन क्षेत्रों को चिह्नित कर अतिरिक्त संचार माध्यम उपलब्ध कराने और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग समय पर मुख्यालय भेजने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।