गौचर। 14 नवंबर से शुरू होने वाले औद्योगिक एवं सांस्कृतिक विकास मेला गौचर की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी हैं। मेले में 268 दुकानें और 138 स्टाल लगाए जाएंगे, जिनके लिए 2 व 3 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
मेला प्रशासन ने सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए दुकानों और स्टालों का खाका तैयार किया है। मेलाधिकारी अलकेश नौडियाल और मेला सचिव सुधा डोभाल ने आम जनता व दुकानदारों को सुविधा देने की बात कही। भव्य आयोजन के लिए तैयारियां जारी हैं। विभागीय अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों, पुलिस सहायता केंद्र, कूड़ा निस्तारण, पेयजल, विद्युत और पार्किंग व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश मिले हैं। आम जनता और दुकानदारों से मेले को प्रतिबंधित पॉलिथीन और कूड़ा मुक्त रखने की अपील की गई है। आयोजकों ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और व्यापारियों से भी सहयोग का आग्रह किया है। मेलाधिकारी ने बताया कि इस बार मेले को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी प्रचारित किया गया है। ताकि यह राजकीय मेला प्रदेश तक ही नहीं बल्कि देश और विश्व स्तर तक अपनी ऐतिहासिकता, परंपराओं को प्रसारित कर सके।