कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों के लिए खेल विभाग की ओर से एक साप्ताहिक वॉकाथान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के तहत हुई लंबीकूद में दस खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें पीजी कॉलेज गोपेश्वर के प्रदीप गौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में नौ प्रतिभागियों में से प्रदीप गौड़ ने ही बाजी मारी।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में दो टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें गोपीनाथ एकादश ने रुद्रनाथ एकादश को 35-30 अंकों से हराया। वॉलीबाल में चार टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कोविड रॉयल ने कोविड रेड को 25-15, 25-15, 20-25, 20-25 व 15-10 अंकों से हराया। शनिवार को साप्ताहिक वॉकाथान का समापन जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर पुनेठा ने किया। उन्होंने विजेताओं को प्रमाणपत्र दिए। इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह चौधरी, एनएस नेगी, राजपाल सिंह, उत्तम सिंह और जयवीर सिंह रावत आदि मौजूद थे।