देवाल। नंदकेशरी बिजली घर में तकनीकी खराबी के कारण पिछले चार दिनों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति आखिरकार चौथे दिन बहाल हो गई। बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे यहां बिजली सप्लाई चालू हुई। बिजली घर में लगे पैनल व केबल काफी पुराने होने से आए दिन बिजली की सप्लाई बाधित हो जाती है।
बीते सोमवार को नलगांव के पास बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से पिंडर के देवाल, थराली व नारायणबगण विकास खंड में बिजली की सप्लाई ठप हो गई थी। नलगांव में बिजली लाइन ठीक होने के बाद बुधवार को थराली व नारायणबगड़ ब्लॉक में बिजली की सप्लाई तो शुरू हुई लेकिन देवाल ब्लॉक में बृहस्पतिवार को 11 बजे बिजली सप्लाई चालू हुई। वहीं ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि नंदकेशरी बिजली घर में आई तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया गया है। बिजली घर में चार नए पैनल स्थापित कर दिए गए हैं। शीघ्र इसे जोड़ा जाएगा। संवाद