तेज हवा चलने से बृहस्पतिवार शाम को करछूना में एक पेड़ बिजली लाइन पर गिर गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 18 घंटे तक ठप रही। शाम करीब छह बजे गुल हुई बिजली को शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक सुचारु किया जा सका। बिजली नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता धीरेंद्र भंडारी ने बताया कि विभागीय कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन को ठीक कर दोपहर 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है।
वहीं थराली के राड़ीबगड़ में रोज हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार रात को हल्की बारिश होते ही यहां बिजली गुल हो गई जो शुक्रवार शाम तीन बजे बाद बहाल हो पाई। बिजली न होने से कंप्यूटर संबंधी ऑनलाइन कार्य एवं फोटो कापी का काम ठप रहा। लोग रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री नहीं करा पाए व स्टांप भी नहीं मिले। गोपालराम, आलमराम, सुशीला देवी, कलम सिंह ने कहा कि वे बिजली के इंतजार में वे सुबह दस बजे से बैठे रहे। जब घर लौटने लगे तब बिजली आई। अवर अभियंता हेमंत चमोला ने कहा कि लाइन में फॉल्ट आने से बिजली सप्लाई बंद हुई थी। संवाद