गली-मोहल्लों, पैदल रास्तों, सार्वजनिक स्थानों पर रखी जा रही नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नगर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए गोपेश्वर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने गश्त तेज करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर ग्रुप बनाकर बैठने वालों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि आमजन और व्यापार मंडल के साथ बैठक में जो समस्याएं व सुझाव आए थे उनको देखते हुए शाम में पैदल गश्त को बढ़ा दिया गया है। नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें सक्रिय की गई हैं। प्रमुख चौराहे, संकरी गलियों, सुनसान रास्तों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, हुड़दंग करने, महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने को लेकर युवाओं को सख्त चेतावनी दी जा रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और गलत गतिविधियों से रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सभी को संदेश दिया जा रहा है कि किसी भी तरह की अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद