चमोली जिले में मंगलवार से शुरू हुआ कोरोना कर्फ्यू पूरी तरह से सफल रहा। बाजार दिनभर सुनसान रहे और सुबह से ही दुकानें बंद रही। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, पोखरी, नंदप्रयाग, घाट, पोखरी क्षेत्र के बाजारों में दिनभर सन्नाटा रहा। वहीं पीपलकोटी, गोपेश्वर और जोशीमठ में पुलिस ने अनावश्यक रूप से बाजार घूम रहे लोगों को खदेड़ दिया। उन्होंने बेवजह बाजार में न घूमने की हिदायत दी।
वहीं टैक्सी यूनियन अध्यक्ष जोशीमठ चंडी प्रसाद बहुगुणा और गोपेश्वर के व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित ने सर्कुलर जारी कर वाहन चालकों व व्यापारियों से कोरोना कर्फ्यू का पालन करने का आह्वान किया। वहीं, वैक्सीनेशन के लिए जा रहे युवाओं को वैक्सीन केंद्र तक जाने में छूट दी गई। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना की चैन तोड़ने के लिए कोरोना कर्फ्यू कारगर होगा। उन्होंने आम लोगों से पुलिस व प्रशासन को सहयोग देने का आह्वान किया।
वहीं कर्णप्रयाग, आदिबदरी, सिमली, गैरसैंण, लंगासू में सुबह 10 बजे के बाद बाजार बंद रहे। राशन, सब्जी, दूध सहित अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए कुछ देर तक सुबह लोग बाजार आए और उसके बाद घरों को चले गए। दिनभर बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और वाहन भी कम चले। आदिबदरी के पीपलचट्टी बाजार में भी 10 बजे के बाद दुकानें बंद रहीं। इस मौके पर चौकी पुलिस के डीएस कपरवाण, अजय रौथाण, भवान सिंह, प्रकाश आदि मौजूद थे। संवाद
पुलिस ने बंद करवाईं दुकानें
थराली। मंगलवार से 18 मई तक घोषित कोविड कर्फ्यू का थराली में व्यापक असर दिखा। सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे व बाजार में लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। कुछ दुकानें तय समय सीमा के बाद भी खुले रहे, जिन्हें पुलिस ने बंद करवाया और चेतावनी देते हुए कहा कि फिर लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो दुकान सील कर दी जाएगी। इस बीच कोरोना टीकाकरण के लिए लोग सीएचसी थराली और सरस्वती शिशु मंदिर में पहुंचे। संवाद
सुबह दस बजे के बाद बंद हो गईं दुकानें
ऊखीमठ। कोरोना संक्रमण के कारण मंगलवार को ऊखीमठ बाजार सुबह 10 बजे के बाद पूर्णरूप से बंद हो गया। इसके बाद यहां सन्नाटा पसरा रहा। इस दौरान सिर्फ बैंक और डाकघर खुले रहे, लेकिन यहां भी सीमित ही लोग पहुंच पाए। थानाध्यक्ष मुकेश थलेड़ी ने बताया कि पुलिस की ओर से बांसवाड़, कुंड, भारत सेवाश्रम तिराहा सहित मुख्य बाजार में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान किया जा रहा है। बताया कि अभी तक कुल 123 चालान किए जा चुके हैं। उधर, गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग और गौरीकुंड बाजार में भी सुबह दस बजे के बाद सन्नाटा रहा।