लकड़ीपड़ाव में राशन बांटने को लेकर एकत्र हुई भीड़ ने क्षेत्र में लगाई गई धारा 144 की धज्जियां उड़ाईं। राशन लेने को उमड़ी भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग तक का ध्यान नहीं रखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से खदेड़ा और एक-एक कर राशन वितरित करवाया।
तहसील प्रशासन की ओर से दानदाताओं की ओर से दी गई मदद से नगर निगम के सभी वार्डों में गरीब तबके के लोगों को राशन वितरित किया जा रहा है। शनिवार को प्रशासन ने पार्षदों के माध्यम से लकड़ीपड़ाव और प्रजापति नगर में राशन वितरित करने के निर्देश थे, लेकिन इंतजाम की कमी के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा गया और वहां पर राशन लेने वालों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ अनिल जोशी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को वहां से खदेड़ा। इसके बाद एक-एक कर राशन देना शुरू किया गया। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि समझाने के बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं। शनिवार को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है लेकिन अब घटना की पुनरावृत्ति होने पर कार्रवाई की जाएगी।
लॉकडाउन के पालन में सड़कों पर नहीं चले वाहन
कर्णप्रयाग/नौगांव। लॉकडाउन में मिली छूट के बाद कर्णप्रयाग, गौचर, आदिबदरी, गैरसैंण, नारायणबगड़, थराली, देवाल, सिमली, लंगासू, नौली, बगोली सहित ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर वाहन नहीं चले। सुबह दुकानों में आकर लोगों ने सामान की खरीदारी की और उसके बाद घरों में चले गए। सुलोचना देवी, कमला देवी, प्रमिला देवी का कहना है कि सब लोग लॉकडाउन का पालन करें और सोशल डिस्टेंस बनाकर सामान खरीदें।
वहीं नौगांव में भी ग्रामीण बिना जरूरत के घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। सुनारा गांव में दिल्ली, मुंबई आदि बाहरी क्षेत्रों से लौटे लोग घरों में कैद हैं। स्थानीय लोगों ने इनसे दूरी बनाई हुई है। गांव के प्रधान कुलदीप रावत बताते हैं कि बाहरी क्षेत्रों से गांव लौटे लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है।
झूठी खबर फैलाने पर होगी कार्रवाई
गैरसैंण। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक, आदिबदरी और गैरसैंण तहसीलों के तहसीलदारों और थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश जारी किए। कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों की रहने खाने और चिकित्सीय व्यवस्था कराएं। झूठी खबर फैलाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।