पोखरी (चमोली)। नगर क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से अभी तक पार्किंग की सुविधा नहीं दी गई है जिससे दिनभर जाम से परेशान होना पड़ रहा है।
पोखरी में कर्णप्रयाग, हापला और रुद्रप्रयाग क्षेत्र को जाने वाले वाहनों की आवाजाही होती है। वाहनों की संख्या अधिक होने और पार्किंग की सुविधा न होने से लोग सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। हापला सड़क पर विनायकधार तिराहे से लेकर पेट्रोलपंप तक तथा विनायकधार तिराहे से डामर तक सड़क संकरी है। इसी सड़क के किनारे लोग दोपहिया और निजी वाहनों को खड़ा कर देते हैं और जाम लग जाता है। व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा, संतोष चौधरी, राजेंद्र त्रिपाठी, रमेश चौधरी, विष्णु प्रसाद चमोला, कुंवर सिंह खत्री और मंगल सिंह नेगी ने शासन-प्रशासन से नगर में पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की। संवाद