पोखरी में वनाग्नि को बुझाती वन विभाग की टीम।
- फोटो : GOPESHWAR
कड़ाके की ठंड के बाद भी पोखरी क्षेत्र के जंगल चार दिन से जल रहे हैं। चार दिन से लगी आग के कारण पांच हेक्टेयर में उगी वन संपदा जल गई है। वन विभाग के कर्मचारी चार दिनों से कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने में जुटे हुए हैं। हर दिन आग और विकराल होती जा रही है, जिससे वन विभाग के सामने चुनौती बढ़ती ही जा रही है।
बीते शनिवार शाम को केदारनाथ वन प्रभाग के नागनाथ नेंज के लखड़ी और अंधेरगड्डी के जंगल में आग लग गई थी। उसके बाद से वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में लगे हैं, लेकिन चीड़ के जंगल और खड़ी चट्टान होने के कारण आग काबू करना मुश्किल हो गया है। चार दिन से जहां एक ओर वन संपदा जलकर खाक हो गई है वहीं क्षेत्र में चारों तरफ गहरी धुंध छा गई है। वन क्षेत्राधिकारी विक्रम रावत और वन दरोगा जमन सिंह नेगी, प्रकाश कंडारी, संपत्त रावत, नंदन नेगी, दीपक नेगी आदि आग बुझाने में लगे हुए हैं। संवाद