धनतेरस और दीपावली पर्व पर नए-नए डिजायन के बर्तनों और सोने-चांदी के आभूषणों की महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। सुबह से ही बर्तन की दुकानें सज गई थीं। देर शाम होते-होते बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ती रही। दीपावली के त्योहार के लिए जिलों के विभिन्न कस्बों में बाजार सजे हैं। रोशनी के इस पर्व पर लोगों ने अपने घर एवं प्रतिष्ठानों को दुल्हन की तरह सजाया है।
उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय के साथ ही डुंडा, भटवाड़ी, चिन्यालीसौड़, ब्रह्मखाल, बड़कोट, नौगांव, पुरोला, मोरी आदि जिले के प्रमुख कस्बों के बाजार सज गए हैं। मुख्य बाजार में भारी चहल-पहल के बीच खतरे को देखते हुए पटाखों की दुकानें आजाद मैदान में सजाई गई हैं। इस दौरान आग लगने के खतरे को देखते हुए फायर सर्विस के जवान भी मुस्तैद हैं। धनतेरस पर आभूषण एवं बर्तनों की खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी में ज्वैलरी, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित बर्तनों की दुकानों में लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोगों ने बाजार पहुंचकर खरीदारी की। इस दौरान बाजार क्षेत्र में यातायात व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
रुद्रप्रयाग। धनतेरस व दीपावली के पर्व पर नया बस अड्डा से लेकर मुख्य बाजार व केदारनाथ तिराहे तक दुकानें सामान से सजी हुई हैं। धनतेरस पर गहनों, फ्रिज, एलईडी टेलीविजन, मोबाइल, वाशिंग मशीन समेत कई बर्तनों की खूब बिक्री हुई। मठाई की दुकानों में भी खरीदारों की भीड़ रही। उधर, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, ऊखीमठ, जखोली, मयाली आदि बाजारों में भी दिनभर चहलकदमी रही।
गोपेश्वर में बिकी 70 कार
गोपेश्वर। धनतेरस और दीपावली पर्व पर शुक्रवार को बाजारों में दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने धनतेरस पर जमकर खरीदारी की। गोपेश्वर के साथ ही जोशीमठ, पीपलकोटी, पोखरी, घाट, नंदप्रयाग, चमोली बाजार में भी सामान की खरीदारी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा रहा। महिलाओं ने सोने के आभूषण तो घरों के लिए बर्तन खरीदे। वहीं मुख्य बाजार और मंदिर मार्ग पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से यहां से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। गोपेश्वर में 70 कार, 17 बाइक और 13 स्कूटी की बिक्री हुई।
बाजारों में खूब रही चहल-पहल
नई टिहरी। नई टिहरी, बौराड़ी, चंबा, लंबगांव, घनसाली, चमियाला, नरेंद्रनगर, थत्यूड़ और नैनबाग के बाजारों में धनतेरस पर खूब चहल-पहल रही। भीड़ को देखते हुए व्यापारी भी खासे उत्साहित दिखे। वाहनों की संख्या अधिक होने के चलते बौराड़ी ओपन मार्केट, चंबा और लंबगांव में दिनभर जाम की समस्या बनी रही। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार बर्तनों के दाम में 8 से 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी होने के बावजूद लोगों ने बर्तनों और सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। लोगों ने बाइक, स्कूटर व कारों की खरीददारी भी की।