राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जीआईसी गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वहीं कर्मभूमि कला मंच और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नुक्कड़ नाटक से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। वहीं सभी ब्लॉकों में छात्राओं की मेहंदी, चित्रकला, कविता, गायन और भाषण आदि प्रतियोगिताएं कराई गईं। इस दौरान सभी ने बेटी के प्रति किसी प्रकार का भेदभाव न करने का संकल्प लिया।
जीआईसी गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का प्रभारी जिलाधिकारी हंसादत्त पांडे ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बेटियों के संरक्षण से ही लिंगानुपात को संतुलित किया जा सकता है। बेटा बेटी के भेदभाव की मानसिकता त्यागनी होगी। इस दौरान देवी प्रसाद, खालीद भाई, फादर जोसेफ, एसडीएम बुशरा अंसारी, दशोली ब्लाक प्रमुख विनीता देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष हिमानी वैष्णवी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रभा रावत आदि ने विचार रखे। इस दौरान उन दस परिवारों को सम्मानित किया गया जिनके घर में एक या एक से अधिक बालिकाएं हैं। वहीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाली सानिया गौड़ और हुजैफ नाज, मोहनल और आस्था नेगी को भी सम्मानित किया गया।
15 कुपोषित बच्चों को अधिकारियों ने लिया गोद
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की पहल पर जिले में चिह्नित 15 अति कुपोषित बच्चों को जिला स्तरीय अधिकारियों ने गोद लिया। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने भी एक-एक बच्चे को गोद लिया। कुपोषित बच्चों में बालक-बालिकाएं दोनों शामिल हैं।
फूल हम नया खिलाएंगे ताजगी को ढूंढते हुए...
गैरसैंण। पज्याणा गांव में बाल विकास परियोजना गैरसैंण की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र में बालिका दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ पर केंद्रित रखते हुए एक माह की कन्या अर्चना को मुख्य अतिथि बनाकर सीएचसी बीपीएम मनोज खंडूडी और बाल विकास अधिकारी देवेश्वरी भट्ट अंजना रावत ने समारोह का शुभारंभ कराया।
समारोह में पज्याणाखाल के राइंका व प्रावि की छात्राओं गायत्री और गीता आदि ने फूल हम नया खिलाएंगे ताजगी को ढूूंढते हुए... गीत गाकर कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली मोनिका, प्रिया, गुंजन, मानवी आदि बालिकाओं को मेडल दिया और गांव के नारायण मंदिर परिसर में पौधा रोपा। बीपी एम मनोज खंडूडी ने कहा कि बेटी ही जगत जननी है बेटी बेटा में किसी भी प्रकार का अंतर नहीं समझना चाहिए। इस दौरान बेटी संरक्षण का संकल्प लेते हुए आंगनबाड़ी केंद्र से सड़क तक चेतना रैली निकाली गई। इस मौके पर ग्राम प्रधान विजय सिंह, जीआईसी की भावना जुयाल, अंजना रावत, पवन बुटोला, अनीता रावत, सावित्री, सुमन, गणेशी, पुष्पा, महेशी, गंगोत्री, गोविंद सिंह, दरवान सिंह, विजय सिंह, सुरेशा नंद, मेहरवान सिंह, सुरेश आदि मौजूद रहे।
पोखरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।प्रभारी प्राचार्य डा. नंद किशोर चमोला ने कहा कि बालक व बालिका में कोई भेद नहीं करना चाहिए। आज यदि किसी लड़की के साथ ज्यादती होती है तो हमारा कर्तव्य बनता है कि हम उसके साथ अत्याचार के खिलाफ खड़े हों। अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर डा. एसके जुयाल, डा. एपी श्रीवास्तव, डा. महेंद्र सिंह, डा. दीपा रानी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद थे। संवाद
मंत्री रेखा आर्या ने स्मार्ट फोन देकर किया सम्मानित
थराली। बालिका दिवस पर देहरादून में आयोजित एक समारोह में जीआईसी ग्वालदम की प्रेरणा को बाल विकास विभाग मंत्री रेखा आर्या ने स्मार्ट फोन देकर सम्मानित किया। प्रेरणा ने हाईस्कूल एवं इंटर दोनों में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया था। प्रेरणा के पिता महाबीर सिंह मध्यमवर्गीय परिवार से हैं और माता मंजू देवी गृहणी हैं।
छात्राओं को दी संतुलित आहार की जानकारी
थराली। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने राजकीय कन्या इंटर कालेज में बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ पर कार्यक्रम का आयोजन किया। बाल विकास विभाग की प्रभारी परियोजना अधिकारी गुड्डी रावत ने बालिकाओं के लिए विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में बताया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम विमला शर्मा ने बालिकाओं को संतुलित आहार, व्यायाम से बेहतर स्वास्थ्य कैसे बनाया जाए इसकी जानकारी दी। प्रदेश में हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक लेकर आठवें स्थान पर रही वर्तिका पुरोहित को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रविंद्र गुजर, सुरेंद्र सिंह, योगिता आदि उपस्थित थे।