धूमधाम से मनाया गया वसंती पंचमी का त्योहार, स्कूलों में हुआ हवन, मंदिरों में उमड़ी भीड
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग/गौचर/नारायणबगड़/थराली/देवाल/आदिबदरी/गैरसैंण। रविवार को नगरों और गांवों में वसंत पंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने घरों के प्रवेश द्वार पर जौ की बालियां लगाईं और मां सरस्वती की पूजा की। वहीं प्रवेश लेने वाले स्कूली बच्चों का जहां विद्यारंभ संस्कार हुआ वहीं संगम पर कई बच्चों का चूड़ाकर्म संस्कार किया गया।
कर्णप्रयाग के सरस्वती विद्या मंदिर में कार्यक्रम हुए और गौचर में श्रद्धालुओं ने सुबह मंदिरों में पूजा की। शैल भैरव मंदिर, पनाई शिवालय, हवाई पट्टी व भट्टनगर स्थित कालिंका देवी मंदिर तथा रावल देवता मंदिर में पूजा के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में हवन यज्ञ हुआ। स्कूलों में प्रवेश लेने वाले बच्चों का विद्यारंभ संस्कार भी हुआ। नारायणबगड़ में घरों में जौ की हरियाली का पूजन कर उसे घर के प्रवेश द्वार पर लगाया गया। बच्चों का मुंडन भी कराया गया। सरस्वती शिशु मंदिर नारायणबगड़ में मां सरस्वती की पूजा की गई। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दलवीर सिंह नेगी, प्रधानाचार्य आरएस बिष्ट, दिनेश नेगी, त्रिलोक सिंह समेत कई अभिभावक शामिल हुए। थराली, देवाल, आदिबदरी, गैरसैंण में भी वसंत पंचमी धूमधाम से मनाई गई।
40 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार हुआ, संगम पर चूड़ाकर्म संस्कार
कर्णप्रयाग। नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ का समापन हो गया। कार्यक्रम में नए शिक्षण सत्र के लिए स्कूल में प्रवेश लेने वाले 40 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार किया गया। प्रधानाचार्य संजय थपलियाल, बीएन सेमवाल, बीएन डिमरी, चिंतामणि सेमवाल, विद्या भारती के संभाग निरीक्षक मुरलीधर चंदोला सहित शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे। दूसरी ओर अलकनंदा और पिंडर के संगम पर कई बच्चों का चूड़ाकर्म संस्कार किया गया। गैरसैंण विकासखंड के भटक्वाली के ग्रामीण योगेश्वर ने बेटे शौर्य (5) और हार्दिक (3) का चूड़ाकर्म संस्कार करवाया। चौरासैंण के पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि इस दौरान जस्यारा के ग्रामीणों ने भी बच्चों का चूड़ाकर्म संस्कार करवाया। संवाद