ज्योतिर्मठ। नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तीन जगह पार्किंग बनाने की योजना तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री के चारधाम यात्रा सलाहकार माधव प्रसाद सेमवाल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और ग्रामीण निर्माण विभाग को पार्किंग के लिए भूमि का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्ताव शासन को भेजकर बजट स्वीकृत कराने की तैयारी है।
ज्योतिर्मठ बदरीनाथ धाम की यात्रा का प्रमुख पड़ाव है। यात्रा सीजन में यहां वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। वहीं, सर्दियों में औली समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर जाने वाले पर्यटकों के वाहनों से भी जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर में पर्याप्त पार्किंग नहीं होने से वाहन सड़कों पर खड़े होते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
माधव प्रसाद सेमवाल ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को नृसिंह मंदिर के पास बीकेटीसी और सरकारी भूमि पर पार्किंग बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। वहीं, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को खंड विकास कार्यालय के पास बहुमंजिला पार्किंग के लिए भूमि का सर्वे कर प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए हैं।
सेमवाल ने बताया कि नगर में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है। दोनों विभागों को भूमि का निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। भूमि उपयुक्त पाए जाने पर शासन से बजट स्वीकृत कराकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।