मोपाटा पुल के लिए खतरा बने चीड़ के पेड़, ग्रामीणों ने हटाने की मांग उठाई
फोटो-
देवाल। मोपाटा गांव के पास पिंडर नदी पर बने नवनिर्मित पुल को भूस्खलन के चलते खतरे की जद में आए चीड़ के पेड़ों से खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चीड़ के पेड़ यदि गिरे तो पुल को नुकसान हो सकता है। मोपाटा के ग्राम प्रधान रूप सिंह कुंवर ने बताया कि मोपाटा सड़क पर ब्रिज एंड रूफ कंपनी ने पुल का निर्माण किया है। हालांकि, एप्रोच सड़क नहीं बनने से अभी पुल शुरू नहीं हो पाया है लेकिन पुल के दूसरे छोर के ऊपर कई पेड़ गिरने की स्थिति में हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था से पुल को बचाने के लिए पेड़ों को हटाने व एप्रोच मार्ग तैयार कर वाहनों के संचालन की मांग की है। वहीं, इस बारे में कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रूफ के एई ए रहमान ने बताया कि मिट्टी के कटाव से पुल को खतरा बना हुआ है। संबंधित विभाग से पेड़ों को हटाने को कहा जाएगा। भूस्खलन के चलते खतरे की जद में आए चीड़ के पेड़ खतरा बने हुए हैं। संवाद