एशियन डेवलपमेंट बैंक (आपदा) आपदा की ओर से कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर किए जा रहे कार्य की अनियमितता की जांच और अन्य मांगों को लेकर कपीरी संघर्ष समिति के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील पर प्रदर्शन किया।
तीन घंटे के प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने छह नवंबर को सड़क सुधारीकरण का संयुक्त निरीक्षण का आश्वासन दिया जिस पर ग्रामीण माने। ग्रामीणों ने कहा यदि सड़क सुधारीकरण का काम मानकों के अनुरूप नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
कपीरी संघर्ष समिति के नेतृत्व में कनखुल मल्ला, तल्ला, किमोली, ग्वाड़, जस्यारा, कंडारा, कुनेथ, सुणाई, बणसोली, नौसारी, कोलाडुंग्री, नाकोट, थाला, खोला, धनसारी, सुमल्टा, स्वर्का आदि गांवों के सैकड़ों ग्रामीण दीनदयाल पार्क में एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने कहा कि एडीबी की ओर से करीब 15 करोड़ से अधिक धनराशि से सड़क सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है, लेकिन सड़क चौड़ी करने के बजाए संकरी की जा रही है।
पुश्तों पर खराब पत्थर और मिट्टी मिली बजरी का प्रयोग किया जा रहा है। पत्थरों के लिए वन पंचायतों के भूमि का खुदान किया जा रहा है। कर्णप्रयाग से नैनीसैंण तक मोटर मार्ग बदहाल है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए।
बाद में एडीबी के ईई विनोद नेगी, एसडीएम विवेक प्रकाश, थाना प्रभारी पीसी भट्ट आदि की उपस्थिति में 6 नवंबर को स्थलीय निरीक्षण के बाद उचित कार्रवाई और सड़क सुधारीकरण का काम जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
इस मौके पर पूर्व विधायक अनिल नौटियाल, लक्ष्मी जोशी, समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, खिलदेव सिंह, इंद्रेश मैखुरी, मनमोहन सिंह, महिपाल सिंह, देवेंद्र सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह और नारायण सिंह ने संबोधित किया।
ये है मांगें
- कपीरी में बिजली लाइनों की मरम्मत और आईटीआई में बिजली फीडर की स्थापना, नैनीसैंण-कड़कोट स्वीकृत सड़क का निर्माण, कालूसैंण मार्ग का रैगांव तक विस्तारीकरण, डिम्मर-बणसोली मार्ग का जल्द निर्माण, तलसारी मार्ग का विस्तारीकरण, गाडगंगा में स्वीकृत पुल का निर्माण, कपीरी में राष्ट्रीयकृत बैंक की स्थापना, डोंठला गांव में हिमपात से क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की मरम्मत, डोंठला-गैन सैंजकटा सड़क का निर्माण आदि।