कर्णप्रयाग। सिमली क्षेत्र के 20 गांवों में दूषित पानी की सप्लाई होने से उपभोक्ता परेशान हैं। सिमली बाजार के व्यवसाई व वरिष्ठ पत्रकार गोपी डिमरी ने कहा कि आसपास क्षेत्र में टटासू पेयजल योजना से पानी की सप्लाई होती है। इस योजना को बने 10 साल हो चुके हैं। टैंक पर फिल्टर न होने से बारिश का दूषित पानी सीधे लोगों के घरों में आ रहा है।
कहा, सिमली बाजार, न्यू मार्केट, पेट्रोल पंप बस्ती में भी दूषित पानी की सप्लाई होने से व्यापारियों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलसंस्थान ने लाखों रुपये खर्च कर औद्योगिक क्षेत्र सिमली में ट्यूबवेल लिफ्टिंग पेयजल योजना का निर्माण किया, लेकिन इस योजना पर वाटर टैंक का निर्माण न होने से पुराने टैंक के सहारे पानी की सप्लाई हो रही है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश पुरोहित ने कहा कि बरसात में गदेरे उफान पर हैं। इसलिए दिक्कत आ रही है। जल्द फिल्टर लगाने के प्रयास किए जाएंगे। संवाद