विनायकधार से पेट्रोल पंप तक निकाला जुलूस, वन विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने भालू से निजात दिलाने की मांग के लिए विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने बुधवार को नगर में जुलूस निकाला। उन्होंने शासन-प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बुधवार को भिकोना, बंगथल, कांडई चंद्रशिला, जौरासी, तोणजी, किमोठा, डूंगर, पोखरी नगर क्षेत्र समेत कई गांव के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विनायकधार से पेट्रोल पंप तक जुलूस निकालकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि भालू गोशालाएं तोड़कर मवेशियों को मार रहा है। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और लोग दहशत में हैं। वहीं बंदर, लंगूर और सुअर खेती को चौपट कर रहे हैं। जंगली जानवरों से ग्रामीण खेती छोड़ने और पलायन करने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने भालू सहित अन्य जंगली जानवरों के उत्पात से निजात दिलाने की मांग की। वहीं तहसील में जनप्रतिनिधियों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान किमोठा के प्रधान हरिकृष्ण किमोठी, विधायक प्रतिनिधि धीरेंद्र राणा, पूर्व प्रमुख प्रीति भंडारी, अधिवक्ता श्रवण सती, ज्येष्ठ उपप्रमुख ऊषा कंडारी, इंद्रप्रकाश रडवाल, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत, सूरज खत्री, मंदोदरी पंत, कल्पना बर्त्वाल और माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।
भालू ने गाय को मार डाला
पोखरी। चंद्रशिला पट्टी में भालू की दहशत को रोकने के लिए वन विभाग की टीमों ने मंगलवार रात विभिन्न क्षेत्रों में गश्त की। किमोठा और तोणजी गांव के बीच भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया लेकिन इसी दौरान रडुवा गांव में भालू ने रजपाल लाल की गोशाला तोड़कर गाय को मार डाला। ग्रामीण दिनेश रड़वाल ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर बुधवार को वन दरोगा आनंद सिंह रावत टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उपप्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह और क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं के नेतृत्व में टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में रात्रि गश्त की।