डीएम ने सलूड़-डुंग्रा-सेलंग सड़क पर हुए कार्यों की मजिस्ट्रेटी जांच के दिए निर्देश
क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में डीएम से मिले ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। सलूड़-डुंग्रा से सेलंग मोटर मार्ग पर सुधारीकरण व अन्य कार्यों में लापरवाही व वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि 50 प्रतिशत भी काम पूरा नहीं किया गया और छह करोड़ का भुगतान ठेकेदार को कर दिया गया। डीएम ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों व संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में सलूड़-डुंग्रा क्षेत्र के ग्रामीण डीएम से मिले। ग्रामीणों ने बताया कि करीब नौ किमी लंबी इस सड़क पर अनुरक्षण व पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 2023 में 8.5 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। इस कार्य को 15 फरवरी 2024 से 14 फरवरी 2025 तक पूरा किया जाना था। मै. क्रिस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर सहारनपुर को निविदा के माध्यम से यह कार्य सौंपा गया। जिस कार्य को फरवरी 2025 में पूरा हो जाना था वह आज तक 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो पाया है। आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करने के बावजूद उसे छह करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया जबकि सड़क चौड़ीकरण, पक्की नाली निर्माण सहित अन्य कार्य संतोषजनक नहीं हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सात ग्राम पंचायतें इस सड़क से सीधे जुड़ी हुई हैं। डीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी और 15 दिन में जांच पूरी कर ली जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि जल्द उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया तो वे विभागीय कार्यालय पर तालाबंदी, भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान सेलंग के प्रधान अनुज बिष्ट, भरत सिंह कुंवर, कपिल कुंवर, पंकज बिष्ट, भागवत चौहान, अनूप चौहान, प्रशांत नेगी, देवेंद्र सिंह, दिलबर भंडारी, मुकेश कुंवर आदि मौजूद रहे।