स्कूली बच्चों के 15वीं राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का रविवार से यहां शुरू हुई। पहले दिन खेले गए तीन मुकाबलों में पौड़ी, स्पोर्ट्स कालेज देहरादून और नैनीताल ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
यहां खेल मैदान में शुरू हुई प्रतियोगिता का पहला मैच पौड़ी और अल्मोड़ा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पौड़ी ने 1-0 से अल्मोड़ा को शिकस्त दी। दूसरे मैच में महाराणा स्पोर्ट्स कालेज देहरादून ने देहरादून जिले की टीम को 4-1 से पराजित किया। तीसरा मैच अल्मोड़ा और नैनीताल के बीच खेला गया।
नैनीताल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अल्मोड़ा को 7-0 से हराया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने किया। उन्होंने इस मौके पर कर्णप्रयाग में बनने वाले राजकीय शिक्षक संघ के भवन निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की।
उद्घाटन समारोह में जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान, सिटी मांटेसरी, जीजीआईसी, शिवालिक, ब्रिटिश प्री स्कूल से विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के गीत लोकनृत्य पेश किए। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. भजन सिंह तोपाल और व्यायाम शिक्षक रहे स्व. हरी सिंह नेगी की स्मृति में ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इस मौके पर सीईओ हरीश चंद्र सिह रावत, कार्यक्रम संयोजक प्रधानाचार्य केसी चौहान, बीएल टम्टा, व्यस्थापक भरत सिंह नेगी , बीईओ वीपीएस बिष्ट, राजकीय शिक्षक अध्यक्ष वीरपाल रावत, गौचर पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, सुनील पंवार आदि मौजूद थे।
मार्शल आर्ट का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान बालिका शिक्षा के अंतर्गत नवाचारी कार्यक्रम के रूप में संकुल पनाई की ओर से जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यालय की 42 छात्राओं ने मार्शल आर्ट के तहत समूह में जूडो कराटे का प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी।
पूर्व खिलाड़ियों का किया सम्मान
प्रतियोगिता शुभारंभ समारोह में फुटबाल में अव्वल रहे सीनियर सिटीजन को सम्मानित किया गया। समारोह में बलवंत सिंह नेगी, सिताब सिंह कनवासी, दुर्लभ सिंह रावत, जिवेंद्र सिंह सजवाण, रमेश कनवासी को उत्कृष्ट फुटबालर और नौकायान के क्षेत्र में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हुए सुरेंद्र कनवासी को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।