बदरीनाथ हाईवे पर हनुमान चट्टी और रडांग बैंड के बीच यूं लग रहा बार-बार वाहनों का जाम।
- फोटो : amar ujala
जिला प्रशासन की ओर से बदरीनाथ धाम की यात्रा के तहत यात्रा व्यवस्था चाक-चौबंद होने के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। जिले में यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रखने के लिए प्रशासन की ओर से कई पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, इसके बाद भी हाईवे पर जाम लग रहा है। जोशीमठ नगर मेें सिंहधार से जोशीमठ तक ढाई घंटे तक जाम लगा रहा।
बंगाल से परिवार के साथ धाम जा रहे महेश चटर्जी का कहना है कि यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर हाईवे बाधित होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। चमोली और जोशीमठ में लगे जाम के चलते वे समय से धाम नहीं पहुंचे। अब एक दिन अतिरिक्त धाम में रुकना होगा।
दिल्ली से अपने साथियों के साथ बदरीनाथ जा रहे विशाल शर्मा का कहना है कि यात्रा मार्ग पर अनियंत्रित खड़े वाहनों के चलते जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इधर, पुलिस अधीक्षक तृप्ती भट्ट का कहना है कि बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर लग रहे जाम की समस्या के निस्तारण की योजना तैयार कर ली गई है। पुलिस की ओर यात्रा मार्ग के संकरे हिस्सों में बैरियर बढ़ाए जा रहे हैं।
पार्किंग स्थलों से वाहनों का संचालन भी शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा, जिससे आगामी दिनों में तीर्थयात्रियों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।