माथर-तोप गांव में पांडव लीला, सिमली में गो-सेवा सत्संग आयोजित
कर्णप्रयाग। क्षेत्र के गांवों में आयोजित पांडव लीला और श्री राजराजेश्वरी चंडिका मंदिर सिमली के सत्संग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। माथर और तोप गांव में पांडव लीला के तीसरे दिन आचार्यों और आयोजकों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया। दोपहर को पारंपरिक वाद्य यंत्रों और पंडवाणी जागरों के साथ पांडव देवताओं के पश्वाओं ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ देव नृत्य प्रस्तुत किया। इस अवसर पर माथर से वैभव मलेठा, समिति अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, सचिव प्रदीप रावत, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण रावत और टीका प्रसाद मैखुरी मौजूद थे। तोप गांव में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सगोई और ग्राम प्रधान सपना सगोई उपस्थित रहे। वहीं, श्री राजराजेश्वरी चंडिका मंदिर सिमली में राधे श्याम गो-सेवा समिति, भनियावाला देहरादून की ओर से तीन दिवसीय सत्संग आयोजित किया गया। समिति संयोजक बीरेंद्र सेनवाल ने भजन-कीर्तन और प्रवचनों के माध्यम से गो-सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गो-वंश को लावारिश छोड़ना सबसे बड़ा पाप है। धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत टकोला, पुजारी प्रदीप गैरोला, कृष्णा गैरोला, राकेश चंद्र डिमरी, संतोष गैरोला, हरीश चंद्र, पवन डिमरी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।