देवाल ब्लॉक कार्यालय में चुनाव चिन्ह लेने पहुंचे प्रत्याशी।
- फोटो : KARNPRYAG
पिंडर घाटी के नारायणबगड़, थराली और देवाल विकासखंडों में 16 अक्तूबर को होने वाले चुना के लिए बुधवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित हो गए हैं। चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
नारायणबगड़ ब्लाक में 79 ग्राम पंचायतों में 25 ग्राम प्रधानों का निर्विरोध चुना जाना तय है। जबकि एक ग्राम पंचायत में महिला ओबीसी प्रत्याशी न होने से वहां का चुनाव रद्द हो गया है। अब कुल 53 ग्राम प्रधानों के पदों पर चुनाव होना है। 25 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से दो सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के बाद अब 23 क्षेपं सदस्यों के लिए चुनाव होगा। रिटर्निंग आफिसर मनोज कुमार भट्ट एवं एडीओ पंचायत प्रेम सिंह रावत ने बताया कि 53 ग्राम प्रधान पदों के लिए 153 प्रत्याशी, क्षेपं सदस्य पद के 23 पदों के लिए 70 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं जिला पंचायत में तीन वार्डों के लिए 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
थराली ब्लॉक में बुधवार को प्रत्याशियों ने चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। थराली ब्लाक में नौ गांवों में पहले ही ग्राम प्रधान और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। जिला पंचायत सदस्य के लिए थराली विकासखंड में दो वार्ड है।
देवाल में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 239 व दो जिला पंचायत सदस्यों के 12 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिए गए। देवाल ब्लॉक में 46 ग्राम पंचायत, दो जिला पंचायत, 20 क्षेत्र पंचायत व 330 ग्राम पंचायत के वार्ड है। इसमें हरनी, उलंग्रा व तोरती में ग्राम प्रधान व 150 ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। एडीओ पंचायत दलेबु लाल ने बताया कि बुधवार को ग्राम प्रधान के 147, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 69 व ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 23 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिए गए।