कोरोना संक्रमण के कारण चारधाम के साथ ही पंचकेदार यात्रा के लिए भले ही राज्य से बाहर के तीर्थयात्री नहीं पहुंच पा रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों में यात्रा को लेकर उत्साह है। बदरीनाथ धाम के साथ ही केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ, रुद्रनाथ व कल्पनाथ में 14415 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पौड़ी के दर्शन सिंह, मोहन और मंजीत ने बताया कि उन्होंने इस बार पंच केदार की यात्रा की है।
अगस्त्यमुनि के सिल्ला गांव निवासी राजेंद्र पुरोहित और सुमेदा पुरोहित का कहना है कि रुद्रनाथ भगवान के दर्शन के साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य का अलौकिक अनुभव भी हुआ। देहरादून के भक्तदर्शन का कहना है कि तीर्थयात्रियों की भीड़ न होने के कारण रुद्रनाथ की यात्रा सुकून भरी रही।
केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि इस बार यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह बना हुआ है। यात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह वन कर्मियों की तैनाती और चेक पोस्ट स्थापित किया गया है।