ब्लाक को शराब मुक्त बनाने की मांग को लेकर देवाल में महिलाओं का धरना 41वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन तेज करने के लिए महिलाओं ने 23 मई को महापंचायत बुलाई है। इसमें प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, व्यापार संघ अध्यक्ष तथा पदाधिकारी सहित सभी दलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी शामिल होने की अपील की गई है।
धरना देने वालों में प्रधान संघ अध्यक्ष पुष्कर फर्स्वाण, हिमांती बिष्ट, पुष्पा मिश्रा, हरूली देवी, मोहनी देवी, लक्ष्मी देवी, कमला राणा, धनुली देवी, सुनीता देवी आदि शामिल थीं।
दूसरी ओर कर्णप्रयाग में शराब बंदी को लेकर धरना जारी रहा। तहसील परिसर में चल रहे धरने के दौरान आंदोलनकारियों ने कहा यदि सरकार को राजस्व की चिंता है तो वर्ष 2000 से 2016 तक सभी शराब कारोबारियों से आयकर के तहत राजस्व वसूली की जाए।
साथ ही शराब के बिचौलियों पर जुर्माना लगाकर राजस्व लिया जाए। सीएम सहित अन्य उच्चाधिकारियों को भेजे ज्ञापन में आंदोलनकारियों ने प्रदेश को शराब प्रदेश न बल्कि पर्यटन और तीर्थाटन प्रदेश बनाने की मांग की।
धरना देने वालों में संघर्ष समिति की अध्यक्ष अंशी देवी, जिला पंचायत सदस्य भुवन नौटियाल, अरविंद चौहान, सुमन सिंह सजवाण, इंद्रेश मैखुरी, प्रियंका, मीनाक्षी, अनीता और मंजू देवी आदि मौजूद थे।