कर्णप्रयाग में हुई भाजपा की बैठक में निकाय चुनावों पर हुआ मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। भाजपा की बैठक में निकाय चुनावों को लेकर मंथन हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता को ही निकाय चुनावों में पार्टी अपना उम्मीदवार बनाएगी। साथ ही कहा गया कि निकायों में उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया जा रहा है जिसमें क्षेत्रीय और भौगोलिक संतुलन का ध्यान रखा जा रहा है।
कहा कि हर निकाय में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने इसके लिए आज से धरातल पर कार्य शुरू कर दिया है। उम्मीदवारी तय करने में क्षेत्रीय, जातीय और भौगोलिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पार्टी संगठन समर्पित, प्रभावी व जिताऊ प्रत्याशी को ही अपना उम्मीदवार बनाएगी। बैठक में राज्यमंत्री व भाजपा जिला सहप्रभारी चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा जिला प्रभारी कुंदन परिहार ने कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में वरिष्ठ नेता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रिपुदमन सिंह रावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरक सिंह नेगी, रुद्रप्रयाग जिले से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, वाचस्पति सेमवाल आदि मौजूद थे।