तहसील के थाला गांव में शौचालय का पिट खाली करने के दौरान निकली जहरीली गैस के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग बेहोश हो गए, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
तलवाड़ी के पटवारी विनोद कुमार ने बताया कि थाला गांव के खिलाफ सिंह (48) पुत्र गुमान सिंह अपने घर के पास बने शौचालय के पिट को साफ करने गया था। इसी बीच पिट से जहरीली गैस का रिसाव हुआ और खिलाफ सिंह बेहोश हो गया। उसकी पत्नी पार्वती देवी मौके पर पहुंची, लेकिन वह भी बेहोश हो गईं। उनको गिरते हुए देख पास में काम कर रहे मिस्त्री हीरा लाल पुत्र जमंतु राम भी वहां पहुंचा। हीरा लाल भी वहां जाकर जहरीली गैस की के कारण बेहोश हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को सीएचसी थराली पहुंचाया। जहां खिलाफ सिंह ने दम तोड़ दिया जबकि अन्य दो लोगों को हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया।