-सरकार ने 23 परिवारों के पुनर्वास के लिए जारी किए 98 लाख रुपये
थराली। सरकार ने पैनगढ़ आपदा प्रभावितों के जख्मों पर एक साल बाद मरहम लगाने की तैयारी कर ली है। गांव के 23 आपदा प्रभावित परिवारों के पुर्नवास के लिए शासन ने 98 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इससे बेघर हुए परिवार फिर से अपना नया आशियाना बना सकेंगे।
तहसील के पैनगढ़ गांव में 21 अक्तूबर 2022 की रात्रि हुए भूस्खलन से रूपतोली तोक में भूस्खलन से 23 परिवार खतरे की जद में आ गए थे। इससे उन्हें अपने आवास छोड़ने पड़े। प्रशासन ने उन्हें जूनियर हाईस्कूल और टेंट में शिप्ट किया था। तब से ये लोग यहीं ठंड और गर्मी में रहकर शासन-प्रशासन से पुनर्वास की मांग कर रहे थे। डीएम ने भी इनकी स्थिति को देखा था। विधायक भूपालराम टम्टा ने भी सरकार से इनके पुनर्वास की मांग की थी। अब जाकर शासन की ओर से आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार को भवन निर्माण के लिए 4 लाख, गौशाला के लिए 15 हजार और विस्थापन भत्ते के लिए दस हजार रूपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।