कर्णप्रयाग। 19 दिनों तक जंगल में धरना और अनशन करने के नौ माह बाद पांच किमी विनायक धार-कस्बीनगर सड़क का लोनिवि और वन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। इस सड़क निर्माण में करीब 1800 पेड़ आ रहे हैं और स्वीकृति वन विभाग से मिलनी बाकी है। बृहस्पतिवार को वन विभाग और लोनिवि के अफसरों ने सड़क का निरीक्षण किया। अब ग्रामीणों की उम्मीदें अफसरों की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
सड़क के लिए ग्रामीणों ने बीते फरवरी माह में 19 दिनों तक देवपुरी के जंगलों में धरना और अनशन किया था। तब कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और थराली के भूपाल राम टम्टा ने सीएम से वार्ता के बाद ग्रामीणों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब वन संरक्षक गढ़वाल सहित लोनिवि के अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण किया। विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि विनायक धार-कस्बीनगर सड़क के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वन और पर्यावरण मंत्रालय की स्वीकृति की कार्रवाई चल रही है।