सिमली में पिंडर नदी पर मोटर पुल बनने से चांदपुर और कपीरी पट्टी के एक दर्जन से अधिक गांवों की राह आसान हो सकेगी। इस मोटर पुल से सिमली-डिम्मर और सिमली-बणसोली की सड़कें सीधे नैनीताल हाईवे से जुड़ सकेंगी, जिससे करीब साढ़े तीन हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
लोनिवि के अफसर भी दो साल में मोटर पुल का निर्माण पूरा करने का आश्वासन दे रहे हैं। कपीरी के धारडुंग्री, बणसोली वल्ली और पल्ली, स्वर्का, कुनेथ, कुंड डुंग्रा, सुमल्टा, केलापानी, बांगड़ी सहित चांदपुर के डिम्मर, सैण, भभराड़ी, नाकोट आदि गांवों को सिमली से जोड़ने के लिए लगातार मोटर पुल की मांग की जा रही थी। वर्ष 2010 में यहां मोटर पुल बनाने की घोषणा तो हुई लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।
इसके बाद लोगों ने आंदोलन शुरू किया। कहा कि गांवों के लिए बन रहा सिमली-डिम्मर और सिमली-बणसोली मोटर मार्ग बिना पुल के सफेद हाथी साबित होंगे। ऐसे में वर्ष 2014 में सीएम हरीश रावत ने यहां 80 मीटर लंबे मोटर पुल की घोषणा की और 2015 में पुल की स्वीकृति का शासनादेश जारी हो गया।
अब मोटर पुल के शिलान्यास के साथ ही जल्द दो गांव नैनीताल हाईवे से जुड़ सकेंगे इसकी उम्मीदें जगी हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एमएस रावत ने बताया कि 9 करोड़ 52 लाख 22 हजार की लागत से बनने वाले 80 मीटर स्पान के पुल को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए कुछ धनराशि भी मिल चुकी है।