बच्चे शिक्षकों के लिए मोहताज है तो अभिभावक आंदोलन को बाध्य। सुगम विद्यालयों में सुमार राजकीय इंटर कालेज लंगासू , गौचर और दो बालिका इंटर कालेज गौचर, कर्णप्रयाग में गणित का प्रवक्ता न होने से बच्चे परेशान है।
शिक्षकों की तैनाती न होने से नाराज अभिभावक कई बार आंदोलन कर चुके है लेकिन विभागीय अधिकारी आश्वासन देकर शांत कर देते है। विकासखंड में 21 इंटर कालेजों में प्रवक्ताओं के 197 पद स्वीकृत हैं, जिनमें 70 पद रिक्त हैं। अकेले गणित, रसायन, सहित अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों में 21 पद रिक्त पड़े हैं। राजकीय इंटर कालेज लंगासू के पूर्व पीटीए अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी का कहना है कि आंदोलन और भूखहड़ताल के बावजूद जीआईसी में 14 वर्षों से गणित का प्रवक्ता विभाग तैनात नहीं कर पाया है।
हालात यह है कि नाराज अभिभावक सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य हैं। वहीं सिलपाटा के ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। तो पांचाली और हरगढ़ के ग्रामीणों का अनशन विभाग के आश्वासन पर स्थगित है।
जीजीआईसी कर्णप्रयाग की पीटीए अध्यक्ष भारती मिंगवाल का कहना है कि स्कूल में 264 छात्राएं अध्ययनरत हैं लेकिन यहां न एलटी में गणित का शिक्षक है और न प्रवक्ता वेतनक्रम में। ऐसे में अभिभावकों के सामने बच्चों शिक्षा का संकट बना है। इधर खंड शिक्षा अधिकारी वीपीएस बिष्ट ने बताया कि शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है।