आदिबदरी। नंदासैण में आयोजित चार दिवसीय पर्यावरण संवर्धन, पर्यटन एवं विकास मेले के दूसरे दिन जय मां सुनंदा सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
ओ लाली हो लाली होंसीया.. हे बाबा कैलाश रैंदा.., शिवजी कैलाश रैंदा....ऐ मेरा हे दगड्या दूर चली जोला.. आदि गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। मेेले के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्य अतिथि बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने किया।
उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की एकता, संस्कृति और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। सोमवार को जीआईसी देवलकोट के ईको क्लब की ओर से पर्यावरण रैली निकाली गई। इस दाैरान हुई सीनियर वर्ग की गढ़वाली भाषण प्रतियोगिता में डिंपल चौधरी ने प्रथम और तमन्ना नेगी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में प्रिया गौड़ प्रथम और आव्या कैलखुरा द्वितीय रही।
ग्रामीण महिला चित्रकला प्रतियोगिता में अंजलि ने प्रथम और पूनम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। लोकनृत्य सब जूनियर वर्ग में राजूहा बैनाली प्रथम और राजूहा जखेट द्वितीय, जूनियर वर्ग में पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राइंका नंदासैंण प्रथम रहा। हिंदी सुलेख प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में कबीर और आरुषि, अंग्रेजी प्राथमिक वर्ग में रोहन और गरिमा क्रमश: प्रथम और द्वितीय रहे।
विद्यालय स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का मुकाबला जीआईसी नैणी की टीम ने जीता। मैती क्लब की ओर से उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, गायत्री नेगी, विशंबरी देवी, रेवत नेगी, गोविंद आदि मौजूद रहे।