कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए कर्णप्रयाग में पोखरी पुल पर ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले एक युवक ने सैनिटाइज मशीन बनाई है। मशीन के अंदर जाते ही दोनों तरफ से भाप निकलती है और व्यक्ति सैनिटाइज हो जाता है। मंगलवार को मुख्य बाजार में लोग मशीन के अंदर गए और खुद को सैनिटाइज किया। नुरूल इस्लाम (29) ने बताया कि मशीन में सेंसर लगे हैं। इसके अंदर जाते ही पांच सेकेंड तक भाप/फॉग के रूप में शरीर सैनिटाइज हो जाता है। मशीन पैरों से संचालित होती है। उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर एक सप्ताह में यह मशीन तैयार की और मंगलवार को मुख्य बाजार में लोगों को दिखाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से अनुमति लेकर मशीन को सीएचसी कर्णप्रयाग में रखा जाएगा।