कारगिल शहीद लोदला गांव आज तक भी सड़क से नहीं जुड़ पाया है। 35 किमी परखाल-भटियाणा मोटर मार्ग से लोदला गांव को भी लाभान्वित किया जाना था, लेकिन सड़क का निर्माण लोदला गांव के बजाय सीधे भटियाणा गांव के लिए हो रहा है। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निर्माणाधीन परखाल-भटियाणा मोटर मार्ग से लोदला गांव को भी लाभान्वित करने की मांग की है।
ब्लाक थराली का लोदला गांव कारगिल शहीद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का गांव है। कारगिल शहीद बृजमोहन सिंह नेगी सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बचन सिंह रावत, गुलाब सिंह रावत, आलम सिंह गुर्साइं, प्रथम विश्व युद्ध विजेता स्वर्गीय सूबेदार आनंद सिंह ने देश रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी, लेकिन आज तक शहीदों का यह गांव सड़क से नहीं जुड़ पाया है।
संजय रावत, कल्याण सिंह गुर्साइं, हरेंद्र सिंह, मनवर सिंह और दलवीर सिंह का कहना है कि शासन-प्रशासन ने कारगिल शहीद बृजमोहन सिंह नेगी के गांव को सड़क से जोड़ने का आश्वासन दिया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।
ग्रामीण रैंस गांव से करीब तीन किमी की पैदल दूरी तय कर अपने गांव पहुंच रहे हैं। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन का कहना है कि कारगिल शहीद के गांव को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य है। रैंस-भटियाणा सड़क से यदि लोदला गांव को लाभान्वित किया जा सकता है तो लोनिवि से इसकी रिपोर्ट मांगी जाएगी।