नंदासैंण। राजकीय महाविद्यालय नंदासैंण में दस वर्ष से भूगोल विषय का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में भूगोल विषय पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे महाविद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है।
महाविद्यालय का संचालन वर्ष 2016 से हो रहा है। वर्तमान में यहां करीब 140 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले नए भवन के लोकार्पण पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यहां भूगोल विषय शुरू करने की बात कही थी। इसके बावजूद यह विषय अभी तक शुरू नहीं हो सका है। समाजसेवी हरेन्द्र चौधरी, विनोद रावत, रेवत नेगी और अर्जुन भंडारी आदि ने कहा कि पिंडवाली, बड़ेथ, मज्याड़ी, पुनगांव और बिषौणा जैसे दूरस्थ गांवों से छात्र यहां पढ़ने आते हैं। मगर भूगोल विषय न होने से कई छात्र अपनी पसंद के विषय के लिए अन्य कॉलेजों में प्रवेश ले चुके हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य अमर चंद्र विश्वकर्मा ने भूगोल विषय शुरू करने की मांग के लिए उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन को पत्र भेजा है। संवाद