नवनियुक्त एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में कानून व्यवस्था की जानकारी ली। एसपी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य क्षेत्र में विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करें। इससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा। कहा कि किसी भी फरियादी से दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
नवनियुक्त एसपी ने बृहस्पतिवार को पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी और शाखा प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी प्रभारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों व कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी ली। एसपी ने कहा कि किसी भी फरियादी से दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। पुलिस की पावर का उपयोग सिर्फ सुरक्षा के लिए होना चाहिए। फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। उनकी शिकायत और समस्याओं का तत्काल और प्रभावी निस्तारण करें। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिस कर्मियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इंसेट
नशाखोरी की चेन तोड़ेंगे : एसपी
गोपेश्वर। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि चमोली जिले में नशाखोरी पर पैनी नजर रखी जाएगी। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई कर नशाखोरी की चेन को तोड़ देंगे। एसपी कार्यालय सभागार में मीडिया कर्मियों से बातचीत में एसपी ने कहा कि चमोली जिले को अपराधमुक्त जिला बनाना प्राथमिकता रहेगी। आपदाग्रस्त क्षेत्रों में एसडीआरएफ की टीम को चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा। चारधाम यात्रा के सकुशल समापन के बाद शीतकालीन यात्रा को भी सुगम संपन्न कराया जाएगा। कहा कि नंदा राजजात यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी। धरातल के ड्रोन से भी यात्रा संचालन पर नजर रखी जाएगी। संवाद