घायलों ने अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाए
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। मंगलवार सुबह बाजार क्षेत्र में एक कुत्ते ने कई लोगों पर हमला कर दिया। एक महिला सहित चार लोगों को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। सभी घायलों में अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगवाए। घटना के बाद से पूरे बाजार में दहशत का माहौल है।
बाजार क्षेत्र में स्थानीय लोग लावारिस कुत्तों से पहले से ही परेशान थे। अब छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को बाजार में एक कुत्ते ने चार लोगों को काट दिया। सरकारी अस्पताल के फार्मेसी अधिकारी केडी भट्ट ने बताया कि केवर गांव के बलबीर राम (60), नारायणबगड़ की अनीता देवी (33), भगोती गांव के महेंद्र सिंह (68) और रैंस गांव के भानुप्रकाश (19) को कुत्ते ने काटा। सभी घायलों की मरहम पट्टी की गई और एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। व्यापारियों के अनुसार जिस कुत्ते ने लोगों को काटा है उसने बाजार में घूम रहे कई अन्य लावारिस कुत्तों को भी काटा है। इससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ गई है। तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पागल कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में वन विभाग और पुलिस की मदद ली जा रही है।