नारायणबगड़। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण 25 किमी लंबा नारायणबगड़-किमोली मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है। बेडूला से किमोली तक डामर उखड़ने और सड़क पथरीली होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। मार्ग के सभी कॉजवे क्षतिग्रस्त हैं जिससे चिरोना, नैणी, बुआरकोट और किमोली समेत कई गांवों की आबादी को ब्लॉक मुख्यालय आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता संदीप कुमार पटवाल और स्थानीय महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि यह महत्वपूर्ण मार्ग नारायणबगड़ को गैरसैंण ब्लॉक से जोड़ता है लेकिन विभाग इसके रखरखाव को लेकर गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने सड़क को डेढ़ लेन करने और जल्द डामरीकरण की मांग की। वहीं लोनिवि थराली के ईई रमेश चंद्र का कहना है कि नारायणबगड़-किमोली मार्ग पर डामरीकरण का कार्य होना है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। जल्द निविदा खुलने के बाद सड़क सुधारीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। संवाद