थराली। श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी लोकजात का कार्यक्रम घोषित किया गया है। नंदादेवी सिद्धपीठ देवराड़ा मंदिर के अध्यक्ष भुवन हटवाल एवं कुरुड़ के अध्यक्ष नरेश गौड़ ने बताया कि यात्रा का आयोजन 16 अगस्त से 6 सितंबर तक होगा। मां नंदा की डोली 16 अगस्त को सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर के गर्भगृह से निकलकर 21 पड़ावों के बाद छह मास प्रवास के लिए अपने ननिहाल सिद्धपीठ देवराड़ा पहुंचेगी। इससे पहले कुरुड़ में 14 अगस्त से 16 अगस्त तक तीन दिवसीय नंदादेवी मेले का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नरेश गौड़ ने बताया कि पहले पड़ाव में नंदा की डोली चरबंग पहुंचेगी। विभिन्न पड़ावों से होते हुए सिद्धपीठ देवराड़ा में विराजमान हो जाएगी। 30 अगस्त को वेदनी में नंदा सप्तमी जात होगी और डोली वेदनी कुंड में स्नान के बाद वापस अगले पड़ाव वांक के लिए विदा होगी। अगले साल मां नंदादेवी की लोकजात होगी इसी को देखते हुए यह आयोजन होगा। संवाद