नौटी में आयोजित नंदा देवी मेले के अंतिम दिन शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। मेले में जितेंद्र चौहान और बीना बोरा सहित स्थानीय कलाकारों की ओर से लोक गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमे।
मेला समारोह में लोक कलाकार जितेंद्र चौहान की ठंडु मठु चौमास डांड्यूं मां सेरि गे....., बीना बोरा ने अपणि तौं सरम्यलि आख्यूं दख्यण द्या जरा इना त देखा.. सहित अन्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। लोक जागृति विकास संस्था के गायक जितेंद्र कुमार ने भी कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मुुख्य अतिथि हंस फाउंडेशन के उत्तराखंड प्रभारी पदमेंद्र बिष्ट ने आने वाले साल में मेले को उचित सहयोग देने की बात कही। मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।
शिविर में हिमालयन अस्पताल के फिजिशियन डा. विनायक और डा. शाहिद ने 405 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान रोगियों को नि:शुल्क दवाइयां भी बांटी गईं। इस अवसर पर गोपेश्वर नगर पालिका के अध्यक्ष संदीप रावत, कर्णप्रयाग के सुभाष गैरोला, कांति प्रसाद डिमरी, मेला समिति के अध्यक्ष भुवन नौटियाल, कनिष्ठ उपप्रमुख सुभाष रावत, हर्षवर्धन नौटियाल और प्रधान विनोद चौहान आदि मौजूद थे।
स्कूली बच्चे पुरस्कृत
मेले के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले स्कूली बच्चों को मेला समिति ने पुरस्कृत किया। मेला समिति ने पं. देवराम स्मृति सम्मान हंस फाउंडेशन के पदमेंद्र बिष्ट को दिया। शैलेष मटियानी पुरस्कार से सम्मानित राजकीय जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक भागचंद केशवानी को भी मेला समिति ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व मेले के अंतिम दिन हुई प्रतियोगिताओं के सब जूनियर बालक वर्ग की जलेबी दौड़ में अंकित प्रथम, राहुल द्वितीय और रूपेश तृतीय रहे। बालिका वर्ग में निकिता प्रथम, सपना द्वितीय और चाहत नेगी तृतीय रहीं।