रुद्रनाथ के दर्शन कर लौट रहे नाल्को कंपनी के पूर्व डायरेक्टर उड़ीसा के तीर्थयात्री संतोष नंदा को बुधवार देर रात दस बजे गोपेश्वर थाना पुलिस की आठ सदस्यीय टीम ने गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
मंगलवार को रुद्रनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे संतोष नंदा का पनार बुग्याल में स्वास्थ्य खराब हो गया। यहां संचार की सुविधा नहीं होने से जिला प्रशासन को बुधवार इसकी जानकारी मिल पाई। देर शाम पुलिस की रेस्क्यू टीम थानाध्यक्ष कविंद्र दीक्षित के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
करीब आठ किमी की पैदल दूरी तय कर पुलिस टीम तीर्थयात्री संतोष नंदा के पास पहुंची। उन्हें डंडी के सहारे रात दस बजे गोपेश्वर जिला चिकित्सालय लाया गया। जिला प्रशासन की ओर से देर शाम आईटीबीपी गौचर की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुला लिया गया था। ब्यूरो