बृहस्पतिवार दोपहर को भारी बारिश के कारण उडामांडा-रौता मोटर मार्ग की कटिंग का मलबा नालडूंगा गांव की तरफ आ गया। मलबा कुछ खेतों में मलबा भर गया जिससे ग्रामीणों की फसलें भी नष्ट हो गईं। इससे गांव को खतरा बना हुआ है।
चमोली जिले में हर दिन रुक रुक कर भारी बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार दोपहर को हुई तेज बारिश से पोखरी क्षेत्र के नालडूंगा गांव के ऊपर मलबा आ गया। ज्येष्ठ उपप्रमुख पूरण सिंह नेगी, ग्रामीण जितेंद्र सिंह, लखपत सिंह, जसवंत आदि ने कहा कि गांव के ऊपर पीएमजीएसवाई पोखरी की ओर से उडामांडा-रौता मोटर मार्ग की कटिंग की गई थी लेकिन मलबा डंपिंग जोन में डालने के बजाय गदेरों में डाल दिया गया। यही मलबा बारिश में बहकर नीचे आ गया, जो अब ग्रामीणों के लिए खतरा बन गया है। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई पोखरी से नुकसान के मुआवजे और बरसात में पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की।